अकोला के गुटनेता राजेश मिश्रा सहित कई पूर्व पार्षद शिंदे की शिवसेना में शामिल
अकोला
: शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) गुट को महापालिका चुनाव से ठीक पहले बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। अकोला महानगर प्रमुख और निवर्तमान महापालिका में गुटनेता रहे राजेश मिश्रा ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में प्रवेश कर लिया है।राजेश मिश्रा के साथ चार पूर्व पार्षदों ने नागपुर में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की प्रमुख उपस्थिति में उनके ‘देवगिरी’ शासकीय निवास पर पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया। इनमें पूर्व पार्षद अनीता मिश्रा, गजानन चव्हाण और प्रमिला गीते शामिल हैं। इसके अलावा कुछ अन्य पूर्व पार्षदों तथा उपजिल्हा प्रमुख तरुण बगरे ने भी शिंदे गुट की शिवसेना का दामन थामा है।
महापालिका चुनाव की सरगर्मी के बीच राजेश मिश्रा के पार्टी छोड़ने से ठाकरे गुट में भारी असंतोष और राजनीतिक हलचल देखी जा रही है। वहीं दूसरी ओर, अकोला महापालिका में शिवसेना के कुल 8 में से 6 पार्षदों के शिंदे गुट में शामिल होने से आगामी चुनावों में शिंदे गुट की स्थिति मजबूत मानी जा रही है।गौरतलब है कि राजेश मिश्रा का परिवार पिछले 40 वर्षों से अकोला महापालिका की राजनीति में सक्रिय रहा है। स्वयं राजेश मिश्रा के साथ उनके माता-पिता, पत्नी और भाभी भी महापालिका में पार्षद रह चुके हैं। ऐसे में आगामी महापालिका चुनाव में मिश्रा परिवार का प्रभाव शिंदे की शिवसेना को राजनीतिक रूप से बड़ा लाभ दिला सकता है।
akola-news,MAHARASHTRA-NEWS