आस्था के मंदिर में सेंधमारी, स्वामी समर्थ मंदिर को चोरों ने बनाया निशाना





अनिस शेख | महान प्रतिनिधि

महान। स्थानीय महान के कल्पना कॉलोनी स्थित श्री स्वामी समर्थ महाराज मंदिर में 16 अगस्त की मध्यरात्रि अज्ञात चोरों ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर दानपेटी से करीब 40 से 50 हजार रुपये चुरा लिए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।महान के वार्ड क्रमांक 1 स्थित कल्पना कॉलोनी में श्री स्वामी समर्थ महाराज का भव्य मंदिर है। यहां अकोला, वाशिम सहित अन्य जिलों से पालखी और भजन मंडलियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। मंदिर के अंदर रखी दानपेटी में श्रद्धालु नियमित रूप से दान करते हैं।जानकारी के अनुसार, दानपेटी पिछले करीब आठ महीनों से नहीं खोली गई थी। इसमें 500, 200, 100, 50, 20 और 10 रुपये के नोटों के साथ बड़ी मात्रा में चिल्लर तथा चांदी की मूर्तियों के पत्ते रखे हुए थे। चोर ने मंदिर का मुख्य ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दानपेटी उठाकर मंदिर के पास स्थित शौचालय के विद्युत रोहित्र के पास ले गया। वहां दानपेटी तोड़कर उसमें से 500, 200 और 100 रुपये के नोट निकाल लिए गए, जबकि 50, 20, 10 रुपये के नोट, चिल्लर और चांदी के मूर्तियों के पत्ते वहीं छोड़ दिए गए। इसके बाद खाली पेटी को शौचालय के सामने स्लैब पर रखकर चोर फरार हो गया।

सुबह मिली चोरी की जानकारी

17 अगस्त की सुबह स्थानीय नागरिकों को मंदिर की दानपेटी शौचालय के स्लैब पर खुली पड़ी दिखाई दी। इसके बाद कल्पना कॉलोनी के नागरिकों और मंदिर के कार्यकर्ताओं ने तत्काल महान पुलिस चौकी को घटना की जानकारी दी।सूचना मिलते ही सुबह करीब 11 बजे श्वान पथक, फिंगरप्रिंट टीम और फॉरेंसिक टीम सहित संबंधित जांच दल घटनास्थल पर पहुंचा। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दानपेटी से फिंगरप्रिंट के नमूने लिए। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किए गए पेंचिस, पाना, पेचकस, स्टील का चम्मच सहित अन्य सामग्री भी जब्त की है।

पहले भी हो चुकी है चोरी

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इससे पहले भी इसी मंदिर की दानपेटी को चोर मंदिर के पास स्थित खेत में ले जाकर तोड़ चुके हैं और उसमें रखे रुपये चोरी कर चुके हैं।मंदिर में श्रद्धालुओं, पालखी और भजन मंडलियों की लगातार आवाजाही को देखते हुए यहां सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था मजबूत करने की मांग नागरिकों द्वारा की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरों ने मंदिर के पीछे स्थित खेत और नाले का सहारा लेकर वारदात को अंजाम दिया।पुलिस प्रशासन द्वारा आसपास के अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच ठाणेदार गजानन राठोड़ के मार्गदर्शन में महान पुलिस चौकी के मोरे, धामणे, वाघमारे और सिरसाठ कर रहे हैं।



Next Post Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url