मंजूरी के बाद भी अधर में ‘उर्दू घर’, निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने की मांग
फरहान अमीन ने उपमुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्रा पवार से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
पातूर : अकोला जिले के उर्दू भाषी समाज, साहित्यकारों, लेखकों, कवियों, पत्रकारों एवं विद्यार्थियों के लिए मंजूर किए गए ‘उर्दू घर’ के निर्माण कार्य को तत्काल शुरू करने की मांग राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस के प्रदेश सचिव प्रा. मोहम्मद फरहान अमीन ने की है।इस संबंध में उन्होंने उपमुख्यमंत्री एवं अल्पसंख्यक विकास मंत्री सुनेत्राताई पवार से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा। शासन द्वारा ‘उर्दू घर’ के लिए प्रशासनिक मंजूरी प्रदान की जा चुकी है। इस परियोजना के साकार होने से उर्दू भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए एक स्थायी मंच उपलब्ध होगा।फरहान अमीन ने कहा कि शासन द्वारा मंजूरी प्राप्त यह महत्वपूर्ण परियोजना अब केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि इसे धरातल पर साकार किया जाए। उन्होंने मांग की कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की देरी किए बिना तत्काल कार्य शुरू किया जाए।
