विधायक पठान को दिल्ली पुलिस ने लिए हिरासत में!
NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली में कांग्रेस का प्रदर्शन,
राहुल गांधी समेत कई नेता हिरासत में
अकोला। कथित NEET परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर छात्रों के समर्थन में सोमवार को नई दिल्ली में कांग्रेस द्वारा जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया गया। संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने रोकते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद केंद्र सरकार और कांग्रेस के बीच राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।हिरासत में लिए गए नेताओं में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव रामकिशन ओझा, अमरावती के सांसद बलवंत वानखड़े, अकोला पश्चिम के विधायक साजिद खान पठाण, रघुनाथ मीणा, सुरेश कुमार, महादेव ओझा, बबलू अजीज तथा एनएसयूआई और कांग्रेस के कई पदाधिकारी शामिल हैं। विधायक साजिद खान पठाण को दिल्ली-हरियाणा सीमा स्थित कापसहेड़ा पुलिस थाने में रखा गया।कांग्रेस का आरोप है कि संसद की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बलपूर्वक रोका तथा लाठीचार्ज किया। पार्टी ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की।विधायक साजिद खान पठाण ने कहा कि कथित NEET पेपर लीक प्रकरण ने देश के लाखों छात्रों के भविष्य को संकट में डाल दिया है। उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और वे स्वयं भी इस आंदोलन तथा अनशन के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं।
साजिद खान पठाण ने कहा, "जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहेगा।"प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और छात्रों ने केंद्र सरकार के समक्ष कई मांगें रखीं। इनमें सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तत्काल रिहा करने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा कथित NEET पेपर लीक प्रकरण के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग प्रमुख रही।कांग्रेस ने केंद्र सरकार से इन मांगों पर तत्काल निर्णय लेने तथा छात्रों के भविष्य की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है। दिल्ली में हुई पुलिस कार्रवाई के बाद NEET पेपर लीक का मुद्दा एक बार फिर राष्ट्रीय राजनीति के केंद्र में आ गया है।

