डॉ. शेख चांद हुए राज्यस्तरीय "आदर्श महाराष्ट्र रत्न पुरस्कार से सन्मानित
अकोला बातमी पत्र
बालापुर :ग्रामीण क्षेत्र के हरफनमौला कलाकार डॉ. शेख चांद को राज्यस्तरीय “आदर्श महाराष्ट्र रत्न” पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। उनके इस सम्मान पर मित्रों, शुभचिंतकों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों द्वारा बधाइयों का सिलसिला जारी है।बालापुर तहसील के वाडेगांव निवासी डॉ. शेख चांद मराठी और हिंदी फिल्म जगत के निर्देशक, लेखक, अभिनेता, गीतकार और संपादक के रूप में अपनी विशेष पहचान रखते हैं। इसके साथ ही वे सामाजिक, सांस्कृतिक, पत्रकारिता तथा शैक्षणिक क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
अपनी बहुमुखी प्रतिभा के कारण वे केवल जिले में ही नहीं बल्कि पूरे महाराष्ट्र में परिचित हैं।किसी प्रकार की पारिवारिक विरासत न होने के बावजूद केवल अपनी मेहनत, लगन और इच्छाशक्ति के दम पर डॉ. शेख चांद ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उनके इसी उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए महाराष्ट्र दिवस के उपलक्ष्य में पुणे स्थित विजया मीडिया एवं साइबर गुन्हे संस्था की ओर से 17 मई को आयोजित कार्यक्रम में उन्हें “राज्यस्तरीय आदर्श महाराष्ट्र रत्न” पुरस्कार से सम्मानित किया गया।यह सम्मान प्रमुख अतिथि धरमचंद लोढ़ा, सौ. भारतीताई तुपे, अनंतजी घरत, एड. विजय लिंगरे, सुनील गोरे सहित अन्य गणमान्य अतिथियों के हाथों प्रदान किया गया।डॉ. शेख चांद को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मिलने पर जिलेभर के मित्रों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, विभिन्न क्षेत्रों के मान्यवरों तथा रिश्तेदारों द्वारा उनका अभिनंदन किया जा रहा है।


