महाराष्ट्र में नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों का ऐलान,देखे कब होंगा मतदान और कब आएंगे नतीजे
(अकोला बातमी पत्र डेक्स)
महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ी हलचल मचाते हुए राज्य चुनाव आयोग ने नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों की तारीखों की घोषणा कर दी है। मंगलवार को मुंबई में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य चुनाव आयुक्त दिनेश वाघमारे, सचिव सुरेश काकाने, उप सचिव सूर्यकृष्ण मूर्ति और उपायुक्त राजेंद्र पाटिल मौजूद रहे। आयुक्त दिनेश वाघमारे ने बताया कि राज्य की 246 नगर परिषदों और 42 नगर पंचायतों में आगामी 2 दिसंबर 2025 को मतदान होगा, जबकि मतगणना 3 दिसंबर को की जाएगी।राज्य चुनाव आयोग के अनुसार सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत स्थानीय निकायों के चुनाव 31 जनवरी 2026 से पहले कराए जाने आवश्यक हैं। इसी संदर्भ में यह चुनाव कार्यक्रम घोषित किया गया है। राज्य में कुल 246 नगर परिषदों में से 10 नई नगर परिषदें हैं, जबकि 236 नगर परिषदों का कार्यकाल पहले ही समाप्त हो चुका है। वहीं 147 नगर पंचायतों में से 42 नगर पंचायतों में चुनाव होंगे, जिनमें 15 नई और 27 का कार्यकाल समाप्त हो चुका है।इन चुनावों में कुल 86,859 सदस्य और 288 अध्यक्ष चुने जाएंगे। नगर परिषदों में सदस्यों की संख्या 20 से 75 के बीच होगी, जबकि नगर पंचायतों में 17 सदस्य होंगे। मतदान बहुसदस्यीय आधार पर होगा यानी एक वार्ड में आमतौर पर दो सीटें होंगी, लेकिन यदि सदस्यों की संख्या विषम है तो एक वार्ड में तीन सीटें होंगी। मतदाताओं को दो से तीन सदस्यों और एक अध्यक्ष के लिए मतदान करना होगा।नामांकन पत्र राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर भरे जा सकेंगे। एक उम्मीदवार अधिकतम चार नामांकन पत्र दाखिल कर सकता है। जाति वैधता प्रमाण पत्र आवश्यक होगा और यदि प्रमाण पत्र लंबित है तो उसकी आवेदन रसीद देनी होगी। निर्वाचित उम्मीदवार को छह महीने के भीतर वैध प्रमाण पत्र जमा करना अनिवार्य होगा।नगर परिषदों और नगर पंचायतों की मतदाता सूची प्रकाशित की जा चुकी है, जबकि मतदान केंद्रवार मतदाता सूची 7 नवंबर को जारी की जाएगी। राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया कि यह घोषणा केवल नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए है।
चुनाव कार्यक्रम क्या होगा?
- आवेदन की तिथि 10 नवंबर से
- आवेदन की अंतिम तिथि - 17 नवंबर
- मतदान की तिथि - 2 दिसंबर
- मतगणना - 3 दिसंबर को होगी
चुनाव से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी
- 6859 सदस्य और 248 अध्यक्ष चुने जाएंगे
- राज्य चुनाव आयोग की वेबसाइट पर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे
- इसका प्रिंट आउट लेकर चुनाव अधिकारियों को देना होगा
- 31 अक्टूबर 2025 तक की मतदाता सूची स्वीकार की जाएगी
- 1 करोड़ 7 लाख मतदाता
- 13,355 मतदान केंद्र
- चुनाव केवल ईवीएम पर होंगे
