akolabreakingnews:अकोला में फिर हत्या से सनसनी! जवाहरनगर के बाद गौरक्षण रोड पर आकाश गवई की निर्मम हत्या
एमएसईबी कार्यालय के सामने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार
हाथ की उंगलियां कटकर गिरने की जानकारी
हत्या की वजह अब भी रहस्य
अकोला : शहर में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। जवाहरनगर में हुई हत्या की घटना अभी ताजा ही थी कि अब गौरक्षण रोड पर एक और हत्या की वारदात सामने आई है। इस घटना से पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, अकोला शहर के गौरक्षण रोड स्थित एमएसईबी कार्यालय के सामने कृषीनगर निवासी आकाश गवई पर अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल आकाश गवई की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमला इतना भीषण था कि उनके हाथ की उंगलियां भी कटकर घटनास्थल पर गिर गई थीं।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए अकोला के शासकीय सर्वोपचार अस्पताल भेज दिया गया।गौरतलब है कि दो दिन पहले ही जवाहरनगर परिसर के एक चौराहे पर हत्या की वारदात हुई थी। इस घटना के बाद अब गौरक्षण रोड पर दूसरी हत्या सामने आने से शहर में दहशत का माहौल है।आखिर आकाश गवई की हत्या किसने की? हमलावर कौन थे और हत्या के पीछे की वजह क्या है? इन सवालों के जवाब फिलहाल सामने नहीं आए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। लगातार हो रही हत्याओं के चलते शहर की कानून-व्यवस्था को लेकर नागरिकों में चिंता व्यक्त की जा रही है।