akola news :अकोला पर गहराया जलसंकट का खतरा, महान बांध में महज 11.09% जलसंग्रह शेष

 


पिछले वर्ष की तुलना में 83.71 प्रतिशत की भारी गिरावट, 


बांध का तीसरा वाल्व भी पानी से बाहर निकला


नागरिकों से पानी का सोच-समझकर उपयोग करने की अपील

 शेख, महान प्रतिनिधि

अकोला। जिले में इस वर्ष कम बारिश होने का असर अब जलसंग्रह पर साफ दिखाई देने लगा है। अकोला शहर को पेयजल आपूर्ति करने वाले जिले के सबसे बड़े महान स्थित काटेपूर्णा बांध में जलसंग्रह घटकर महज 11.09 प्रतिशत रह गया है। पिछले वर्ष 23 नवंबर 2025 को इसी बांध में 94.80 प्रतिशत जलसंग्रह उपलब्ध था। इस वर्ष पिछले साल की तुलना में जलसंग्रह में 83.71 प्रतिशत की भारी कमी दर्ज की गई है। बांध में लगातार घटते जलस्तर ने अकोलावासियों के सामने आगामी दिनों में जलसंकट की आशंका खड़ी कर दी है।



23 नवंबर 2026 की स्थिति के अनुसार, जिले के छह प्रमुख बांधों में से महान काटेपूर्णा परियोजना में 11.09 प्रतिशत और मूर्तिजापुर तहसील के उमा मध्यम परियोजना में केवल 3.34 प्रतिशत जलसंग्रह उपलब्ध है। वहीं अन्य चार बांधों में अपेक्षाकृत संतोषजनक जलसंग्रह बना हुआ है।


तीसरा वाल्व भी पानी से बाहर

महान बांध में अकोला शहर को पानी की आपूर्ति करने के लिए कुल पांच वाल्व लगाए गए हैं। इनमें से पहले ही दो वाल्व पानी के स्तर से ऊपर आ चुके थे। अब जलस्तर और नीचे जाने के कारण तीसरा वाल्व भी पानी से बाहर आ गया है। इससे बांध के उपलब्ध जलसंग्रह को लेकर चिंता बढ़ गई है।



क्या फिर दोहरानी पड़ेगी 2004-05 जैसी स्थिति?

करीब 20 वर्ष पहले, वर्ष 2004-05 में कम बारिश के कारण महान बांध का जलस्तर काफी नीचे चला गया था। उस समय बांध के तीनों वाल्व पानी से बाहर हो गए थे। ऐसी स्थिति में जलसंपदा विभाग और महानगरपालिका की ओर से 10 हॉर्सपावर क्षमता की पांच मोटरों के माध्यम से बांध के मृत जलसंग्रह का पानी निकालकर अकोला शहर को जलापूर्ति की गई थी।अब एक बार फिर तीसरा वाल्व पानी से बाहर आने के बाद क्या वर्ष 2004-05 जैसी स्थिति पैदा होगी? यह सवाल जलसंपदा विभाग के सामने खड़ा हो गया है।


बांध में दिखने लगीं पहाड़ियां, मंदिर और पुनर्वसित गांव

महान बांध का जलस्तर लगातार कम होने के कारण बांध के जलग्रहण क्षेत्र में स्थित कई पहाड़ियां, पुरातन मंदिर और पुनर्वसित गांवों के हिस्से दिखाई देने लगे हैं। आईबी विश्रामगृह की ओर बांध का पानी काफी पीछे हट गया है। इसके चलते पानी के भीतर रहने वाली पहाड़ियां और पिचिंग भी अब खुले रूप में नजर आ रही हैं।


जिले के छह बांधों में जलसंग्रह की स्थिति


23 नवंबर 2026 को उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार जिले के प्रमुख बांधों की स्थिति इस प्रकार है:


1. महान काटेपूर्णा परियोजना, तहसील बार्शीटाकली: जलस्तर 339.60 मीटर, जलसंग्रह 9.580 दलघमी, 11.09 प्रतिशत।

2. उमा मध्यम परियोजना, तहसील मूर्तिजापुर: जलस्तर 337.65 मीटर, जलसंग्रह 0.390 दलघमी, 3.34 प्रतिशत।

3. निर्गुणा परियोजना, तहसील पातुर: जलस्तर 387.35 मीटर, जलसंग्रह 14.57 दलघमी, 50.50 प्रतिशत।

4. दगड़ पारवा परियोजना, तहसील बार्शीटाकली: जलस्तर 315.50 मीटर, जलसंग्रह 4.48 दलघमी, 43.96 प्रतिशत।

5. मोर्णा परियोजना, तहसील पातुर: जलस्तर 364.09 मीटर, जलसंग्रह 24.49 दलघमी, 59.06 प्रतिशत।

6. वाण परियोजना, तहसील तेल्हारा: जलस्तर 407.98 मीटर, जलसंग्रह 64.11 दलघमी, 78.23 प्रतिशत।


महान बांध का पानी केवल अकोला शहर के लिए आरक्षित


महान बांध में उपलब्ध जलसंग्रह अन्य किसी को आवंटित नहीं करते हुए केवल अकोला शहर की पेयजल जरूरतों के लिए आरक्षित रखा गया है। उपलब्ध पानी का उचित नियोजन और निगरानी कार्यकारी अभियंता चिन्मय वाकोडे तथा बोरगांव मंजू के उपविभागीय अधिकारी आदित्य कासार के मार्गदर्शन में की जा रही है। महान के शाखा अभियंता संदीप नेमाडे, वैभव उगले और मनोज पाठक जलसंग्रह पर नजर रखते हुए नियोजन कर रहे हैं।


नागरिक पानी का उपयोग सावधानी से करें

महान बांध में तेजी से घटते जलसंग्रह को देखते हुए महान पाटबंधारे विभाग ने अकोला शहर के नागरिकों से पेयजल का उपयोग अत्यंत सावधानी और किफायत से करने की अपील की है। पानी की बर्बादी रोकने और उपलब्ध जलसंग्रह का उचित उपयोग करने पर जोर दिया गया है, ताकि आने वाले दिनों में शहर को पेयजल की गंभीर किल्लत का सामना न करना पड़े।

Previous Post
No Comment
Add Comment
comment url